कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर सरकार द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसमें सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन, मॉस्क लगाने आदि को शामिल किया गया है लेकिन अब कोविड 19 को लेकर पाठ्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज की ओर से शुरू होने वाले तीन माह के सर्टिफिकेट कोर्स में 15 अक्तूबर तक आवेदन भी किया जा सकेगा। इसके तहत कोरोना वायरस के परिचय, इतिहास सहित अन्य बिंदुओं को कोर्स में शामिल किया जाएगा।
कोरोना काल में संक्रमण से बचने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से यही कोशिश की जा रही है कि अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रभाव से बचाया जा सके। अलग-अलग सेमिनार, गोष्ठी, आनलाइन वेबिनार आदि तो आयोजित हो ही रहे हैं, अब राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय की ओर से सर्टिफिकेट कोर्स की शुरूआत की गई है। विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के समन्वयक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि कुलपति प्रो. केएन सिंह के निर्देशन में शुरू इस कोर्स के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी जा रही है। विश्वविद्यालय के साथ ही विज्ञान विद्या शाखा की ओर से पाठ्यक्रम का संचालन किया जाएगा।
क्षेत्रीय समन्वयक ने बताया कि इस बारे में विश्वविद्यालय की वेबसाइट से 15 अक्तूबर तक आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा किसी भी कार्य दिवस पर महमूरगंज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।