दरअसल, गाजीपुर जिले के सेवराई तहसील क्षेत्र के स्व. चंद्रशेखर पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय, रामपुर कनवा में उपजिलाधिकारी के निर्देश पर दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पंजाब आदि राज्यों से आये 91 संदिग्ध लोगों को आइसोलेशन वार्ड बनाकर को रखा गया है। बुधवार की सुबह लोगों ने खाने-पीने की समुचित व्यवस्था न होने का आरोप लगाते हुए भूख हड़ताल शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही एसडीएम विक्रम सिंह, कानूनगो आनंद कुमार यादव, लेखपाल सहित अन्य कर्मचारी पहुंच गए। दोपहर साढ़े तीन बजे तक नोडल अधिकारी डा. डीपी सिन्हा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रविनंदन ने स्क्रीनिंग शुरू कर दी थी। भूख हड़ताल समाप्त करने को लेकर अधिकारियों की वार्ता जारी रही।
लोगों के लिए लंच पैकेट भेजा जा रहा है, लेकिन अपने स्वास्थ्य की जांच को लेकर लोग हंगामा कर रहे हैं, जिसके लिए सीएमओ से बात की गई है। लोग कमरे से बाहर निकलकर गेट पर हो-हल्ला करते हुए अराजकता कर रहे थे। बार-बार कहने पर भी अंदर नहीं जा रहे थे। इस पर लाठीचार्ज करना पड़ा। किसी का भी मोबाइल नहीं छीना गया है।
विक्रम सिंह, उपजिलाधिकारी सेवराई
कोरोना की जांच कराने और खाने-पीने की दुर्व्यवस्था को लेकर लोग हंगामा कर रहे थे। बार-बार अपील करने पर भी शांत नहीं हो रहे थे। इसलिए पुलिस ने हवा में डंडा पटककर उन्हें गेट से अंदर भेजा। लाठीचार्ज नहीं किया गया है।
डा. ओमप्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक
चंदौली के क्वारंटीन वार्ड में बदइंतजामी का वीडियो वायरल
चंदौली नगर स्थित चंदासी में महाविद्यालय में बनाए कवारंटीन सेंटर में रह रहे लोगों ने चावल में कीड़ा मिलने का आरोप लगाकर बुधवार को हंगामा किया। नलों में पानी नहीं आने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इसका वीडियो वायरल हो गया है।
बाहर से आने वाले जिले के लोगों को नगर के चंदासी स्थित एक महाविद्यालय में क्वारंटीन किया गया है। वहां 203 लोग हैं। बुधवार को वायरल वीडियो के अनुसार, लोगों ने चावल में कीड़ा निकलने का आरोप लगाते हंगामा किया। पानी नहीं आने का आरोप भी लगाया। एसडीएम कुमार हर्ष और सीओ कुंवर प्रभात सिंह तथा पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
पीडीडीयू नगर तहसील के एसडीएम कुमार हर्ष ने बताया कि क्वारंटीन में रह रहे लोगों को साबुन, ब्रश, पेस्ट दिए गए हैं। मनोरजंन के लिए दो टीवी भी लगा दिए गए हैं। चावल में कीड़ा निकलने की बात अफवाह है। वहां रह रहे कुछ लोग अन्य को भड़का रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।