Varanasi News : बीते सप्ताह मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शुरुआत में दिन में अच्छी धूप होने और तापमान में बढ़ोतरी की वजह से गर्मी जैसा अहसास रहा है, तो इधर तीन दिन से मौसम अचानक बदला है। सुबह शहर से लेकर गांव तक कोहरा दिखने लगा है तो रात में ठंड भी बढ़ गई हैं।
पछुआ हवाओं में नमी बढ़ने की वजह से सुबह और रात में ठंड बढ़ गई है। मौसम में अचानक आए इस बदलाव की वजह से पिछले चार दिन से न्यूतनम तापमान भी 12 डिग्री सेल्सियस से कम पर टिका हुआ है। रविवार को भी सुबह शहर से लेकर गांव तक हल्का कोहरा देखने को मिला। रात में अन्य दिनों की तुलना में ठंड अधिक रही। रविवार को अधिकतम तापमान औसत से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम होकर 26.6 पहुंच गया।
विज्ञापन
न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पहाड़ों से बर्फीली हवाएं आने लगी हैं। जिस तरह से तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, उससे आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने के भी आसार हैं। अगले सप्ताह से कोहरा पड़ने की भी संभावना है।
वहीं, ठंड को लेकर सुबह टहलने वालों ने भी अपनी समय सीमा बढ़ा दी है। वे लोग सुबह सात बजे निकल रहे हैं। गर्म कपड़े पहनकर माॅर्निंग वाक किया जा रहा है। वहीं, अभिभावक भी बच्चों को लेकर काफी सजग हैं। जरा सी लापरवाही बीमारी का घर बन जा रही है। बुजुगों का भी विशेष ख्याल रखा जा रहा है।
विज्ञापन
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि चक्रवाती तूफान फेंगल का असर यहां नहीं दिखेगा लेकिन कुछ दिनों में मौसम में बदलाव के आसार हैं। कोहरा छाने के साथ ही ठंड भी बढ़ने की संभावना है।