सरकार की वादाखिलाफी पर जताई नाराजगी
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक अप्रैल मूर्ख दिवस को कुछ खास अंदाज में मनाया। उन्होंने इस मोदी विरोध दिवस घोषित करते हुए मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से देश की जनता के साथ लगातार वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने तरह-तरह के नारे लगाकर गुस्से का इजहार किया। सपा कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर में इस तरह से विरोध प्रकट किया। पार्टी कार्यालय में जुटे वक्ताओं ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री ने जो भी वादे देश की जनता से किए थे, उन्हें पूरा करने में वह पूरी तरह से विफल साबित हुए हैं।
वादा पूरा करने के बजाय वह देशवासियों का माखौल उड़ा रहे हैं। कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान विदेशी बैंकों में जमा काला धन वापस लाकर देश के हर नागरिक के खाते में 15-15 लाख भेजने का उनकी ओर से किया था।
यह वादा याद दिलाए जाने पर केंद्रीय भूतल, परिवहन एवं जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा बड़े ही व्यंगात्मक लहजे में इसे चुनावी जुमला बताया गया।
इसी तरह जब मोदीजी को प्रतिवर्ष दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा याद दिलाया गया तो उन्होंने कहा कि बेरोजगार नौजवान पकौड़े की दुकान खोलकर भी रोजगार सृजन कर सकते हैं। जिलाध्यक्ष डॉ. नन्हकू यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार देश के गरीबों, किसानों और नौजवानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।