यूपी के जौनपुर जिले में रविवार को 22600 रुपए के नकली नोटों के साथ तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से नकली नोट लाकर यहां चलाते हैं। पुलिस ने दो सौ रुपए के 113 नकली नोट बरामद किए हैं।
मुंगराबादशाहपुर थाने के मुताबिक, सूचना मिली कि साहबगंज मोहल्ले में कुछ लोग नकली नोट बदलने का धंधा कर रहे हैं। दबिश के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा, जिनके पास से दो सौ के 113 नोट बरामद हुए।
इसमें लालजी सरोज निवासी पहाड़पुर मछलीशहर के पास से दो सौ के 54 नोट, सियाराम बिंद निवासी मादरडीह के पास से दो सौ के 43 नोट, मनोज कुमार मिश्र निवासी चमरूपुर नंदौत थाना फूलपुर, इलाहाबाद के पास दो सौ के 16 नकली नोट बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से कम पैसों में जाली नोट लाकर असली के रूप में चलाते हैं। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है। एसपी दिनेश पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। वह कई महीनों से इस धंधे में लिप्त थे। उन्हें कौन व्यक्ति नकली नोट मुहैया कराता था। उसके बारे में भी जांच हो रही है।