फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डिप्टी सीएम का बयान, इस बार बोर्ड परीक्षा में रिकार्ड बनाएगा यूपी बोर्ड, ये बताया कारण

Wed, 31 Oct 2018 09:29 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,आजमगढ़
विज्ञापन
डिप्टी सीएम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
यूपी के डिप्टी सीएम/माध्यमिक व उच्च शिक्षामंत्री दिनेश शर्मा  कि माध्यमिक शिक्षा विभाग इस बार बड़ा रिकार्ड कायम करने जा रहा है। इस बार की बोर्ड परीक्षा मात्र 16 दिनों में संपन्न करायी जाएगी। परीक्षा पूरी तरह से नकल विहीन होगी और परीक्षा केंद्र भी ऐसे विद्यालय ही बनेंगे जो मानक को पूरा करते होंगे। केंद्रों के चयन में भी पूरी पारदर्शिता रहेगी। उक्त बातें डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने आजमगढ़ पुलिस लाइन में मीडिया से रूबरू होते हुए कही।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि राम मंदिर का मुद्दा सिर्फ हिन्दुओं का नहीं है। बहुत से अन्य धर्मों के लोग भी भगवान श्री राम को अपना पूर्वज मानते है। यहीं कारण है कि देश की आम जनता चाहती है कि राम मंदिर विवाद का हल निकले। भाजपा न्यायालय की कभी अवहलेना नहीं करती है।
विज्ञापन


यही कारण है कि 29 से सुनवाई शुरू करने की बात से पीछे हटने पर भी हम कुछ नहीं बोल रहे। हम सत्ता में है और आम जनता के प्रति हमारी भी जवाबदेही है, जिसके चलते हम भी चाहते है कि इस मुद्दे का जल्द हल निकले। 
उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में भी यह बात है कि मंदिर का निर्माण सर्वानुमति अथवा न्यायालय के निर्णय से कराया जाएगा। इस मुद्दे पर पूरी पार्टी व सरकार सर्वानुमति के लिए लगातार प्रयास कर रही है। निश्चित तौर पर हम न्यायालय की अवहेलना कर कोई काम नहीं करने जा रहे। 

निजी क्षेत्र में विश्वविद्यालय स्थापना का चल रहा प्रयास

प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि इसमें सुधार हुआ है। बच्चों को यूनिफार्म, जुते-मोजे, स्वेटर, किताब, बैग सब कुछ मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। एससी-एसटी एक्ट पर न्यायालय के खिलाफ संसद में अध्यादेश लाने पर उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि सभी का हित पूरा हो। इस सरकार में सामान्य, पिछड़े, एससी-एसटी किसी का भी किसी भी स्तर पर नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। इसी के चलते सरकार ने संसद में अध्यादेश लाया।  

 डिप्टी सीएम ने कहा कि जिले में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग काफी दिनों से चल रही है। इस पर सरकार प्रयास में जुटी है। निजी क्षेत्र से विश्वविद्यालय स्थापना के प्रस्ताव मांगे गए है। जैसे ही कोई अच्छा प्रस्ताव आता है। सरकार उसे स्वीकार कर विश्वविद्यालय स्थापना की अनुमति प्रदान कर देगी। 
 

वन मंत्री के पिता को दी श्रद्धांजलि 

यूपी के डिप्टी सीएम/माध्यमिक व उच्च शिक्षामंत्री दिनेश शर्मा का बुधवार को जिले में आगमन हुआ। पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरने के बाद वे कार से सीधे वन मंत्री दारा सिंह चौहान के गेलवारा गांव स्थित आवास पर पहुंचे और उनके पिता राम किशुन चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।  

डिप्टी सीएम लगभग 40 मिनट देर से पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचे। 10:30 पर उन्हें पहुंचना था लेकिन उनका हेलीकाप्टर 11:10 पर यहां पहुंचा। इसके पश्चात वे सीधे कार में सवार होकर गेलवारा गांव पहुंचे। जहां उन्होंने अपने मंत्रीमंडल के सहयोगी वन मंत्री दारा सिंह चौहान के पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया।

वन मंत्री के पिता स्व. राम किशुन चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात वे वन मंत्री और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ ही ढाढ़स बधाया। डिप्टी सीएम गेलवारा में लगभग आधे घंटे रुके। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात किया। 

रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन, जमकर दौडे़ भाजपाई


आजमगढ़/तहबरपुर/गोरिया बाजार। भाजपा की ओर से आजमगढ़ के दसों विधानसभा में सरदार बल्लभ भाई पटेल की 143वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सदर विधानसभा में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम को परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय ने सुखदेव पहलवान स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर  शुभारंभ किया, जो पं. दीनदयाल चौक सिविल लाइंस में समाप्त हुआ। जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह की अध्यक्षता में नेहरू हाल में समारोह का आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, विशिष्ट अतिथि घनश्याम पटेल रहे। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भारत के 562 टुकडों में बंटने का खतरा था। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल 562 रियासतों का भारत में विलय करा अखंड भारत का निर्माण किया। प्रधानमंत्री ने 182 मीटर ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया है। 

एआरटीओ दफ्तर में गंदगी देख नाराज हुए मंत्री

वनमंत्री दारा सिंह चौहान के घर बुधवार को शोक संवेदना प्रकट करने के बाद जिला मुख्यालय लौटते समय परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रास्ते में पड़ने वाले एआरटीओ दफ्तर का निरीक्षण किया। कार्यालय में व्याप्त गंदगी देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए साफ-सफाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली तक हर हाल में दफ्तर का रंगरोगन करवा लिया जाए। किसी भी हाल में दफ्तर के भीतर और बाहर गंदगी नहीं दिखनी चाहिए।  

बुधवार की दोपहर एआरटीओ दफ्तर पहुंचने पर एआरटीओ प्रशासन आरएन चौधरी ने परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत किया। इस दौरान दफ्तर के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। दफ्तर में घुसते ही कोने में कचरे का ढेर पड़ा हुआ था। जिसे देखने के बाद मंत्री भड़क गए। इसके बाद वे भीतर जाकर स्टाफ रुम का हाल जाना।

कार्यालय के भीतर कई जगहों पर पान और गुटखा खाकर थूका गया था। जिस पर नाराजगी जताते हुए परिवहन मंत्री ने बेहतर साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया। ऐसे में दीपावली से पहले भवन के अंदर और बाहर रंगरोगन कराने का निर्देश दिया। पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह दफ्तर किराए के भवन में है। इसके बाद मंत्री ने नए भवन के लिए चयनित जमीन के विषय में जानकारी ली। 
विज्ञापन

भाजपा अखंड भारत की पक्षधर : दिनेश शर्मा

राजा तालाब में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्ष के लोग सरदार पटेल को लेकर जातिवादी भ्रम फैला रहे हैं, जबकि भाजपा महापुरुषों का हमेशा सम्मान करती आ रही है। भाजपा अखंड भारत की पक्षधर है और सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अखंड भारत के लिए कार्य किया है।

 उन्होंने कहा कि जूनागढ़, हैदराबाद के नवाब सरदार वल्लभ भाई पटेल के सामने घुटने टेकने को विवश हुए और भारत में विलय के प्रस्ताव को सहजता से स्वीकार किया। यह सरदार पटेल की दूरदृष्टि का ही परिणाम था। इस मौके पर सेवापुरी विधानसभा के विधायक नील रतन सिंह पटेल ने सरदार पटेल को भारत का शिल्पी बताया। जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, राजातालाब मंडल अध्यक्ष प्रेम शंकर पाठक, जिला महामंत्री प्रहलाद गुप्ता, महामंत्री राजेश राजभर, सदानंद, मुकेश सिंह, शिक्षक एमएलसी चेत नारायण सिंह उपस्थित थे। संबोधन के बाद दिनेश शर्मा के नेतृत्व में राजा तालाब में रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें