उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) ने समय पर कोर्स पूरा करने के लिए सिलेबस ही कम कर दिया है। हर प्रश्नपत्र से कम से कम एक यूनिट सिलेबस कम किया गया है, ताकि कोर्स पूरा कर समय पर सेमेस्टर परीक्षाएं कराई जा सकें। कॉलेज ने बीए, बीएससी, बीकॉम के छठे सेमेस्टर और बीएड, एमए, एमएससी, एमकॉम के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं जून में कराने की कार्ययोजना भी जारी कर दी है।
यूपी कॉलेज (ऑटोनॉमस) में यूजी और पीजी के मिलाकर 2700 से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। कॉलेज में पांच स्नातक, 17 परास्नातक और छह डिप्लोमा पाठ्यक्रम पढ़ाए जाते हैं। कोरोना काल के बाद से स्कूल-कॉलेजों में उपस्थिति घटने का असर पाठ्यक्रमों पर पड़ा है। स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित होने के बाद कॉलेज प्रशासन बचे कोर्स को पूरा कराने में जुट गया है। शिक्षक लगातार कक्षाएं ले रहे हैं। 31 मई तक कक्षाएं चलाकर कोर्स पूरा कराया जाएगा। महाविद्यालय की परीक्षा समिति ने जिन विषयों का कोर्स ज्यादा बच गया है, उनका सिलेबस 25 फीसदी घटाने का निर्णय लिया है। 15 जून तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर बचे कोर्स को पूरा कराया जाएगा।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक हम बिना पढ़ाई पूरी कराए परीक्षा कराने के पक्ष में नहीं हैं। इसलिए हर प्रश्नपत्र से 25 फीसदी सिलेबस कम किया जाएगा। समय पर परीक्षाएं संपन्न कराकर जुलाई के प्रथम सप्ताह में विद्यार्थियों को रिजल्ट देने की योजना है। ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई में कोई परेशानी न आए।
तीन जून से शुरू होंगी यूजी-पीजी की परीक्षाएं
यूपी कॉलेज में तीन जून से यूजी और पीजी की क्रमश: छठे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं होंगी। कॉलेज ने इसके लिए टाइमटेबल जारी कर दिया है। बीए, बीएससी, बीकॉम छठे सेमेस्टर और एमए, एमएससी, एमकॉम और बीएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह आठ से 10 बजे की पाली में कराई जाएंगी। ये परीक्षाएं 24 जून तक चलेंगी। इसी तरह एमएससी एजी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा चार और छह जून को होगी।