Varanasi News: यूपी कॉलेज ने 35 दिन में 58 कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षाएं कराईं। उधर, यूपी बोर्ड की ओर से प्रैक्टिकल परीक्षाएं इस बार दो चरणों में कराई जाएंगी।
उदय प्रताप कॉलेज की 58 कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षा कोविड के बाद पहली बार सिर्फ 35 दिनों में ही खत्म हो गई। वहीं अब तक कुल 35 कोर्स के रिजल्ट जारी कर दिए गए और बाकी बचे 23 कोर्स के रिजल्ट तीन जनवरी तक जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही सोमवार को ही 9 कोर्स के रिजल्ट भी जारी कर दिए गए। सोमवार को परीक्षा पूरी होने के बाद कॉलेज को 15 जनवरी तक बंद कर दिया गया।
विज्ञापन
यूपी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कक्षाओं के समय सिर्फ लेक्चर ही होंगे और परीक्षा के दिनों में सभी हॉल और कक्षा में छात्र सिर्फ पेपर ही देंगे। हर बार की तरह से ऐसा नहीं होगा कि एक ही समय में एक विषय का पेपर और दूसरे की क्लास चले। एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार ही पूरी प्रक्रिया चलेगी। इसमें देरी होने पर पूरा एकेडमिक संतुलन खराब हो जाता है। सभी शिक्षकों को दिशा निर्देश जारी कर दिया गया है।
सोमवार को प्राचार्य प्रो. डीके सिंह की ओर से अपने शिक्षकों को एक पत्र भी जारी कर समयबद्ध परीक्षा कराने पर खुशी भी जताई गई। उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षा से लेकर मूल्यांकन का कार्य सही समय पर किया गया। वहीं शैक्षणिक कैलेंडर को पूरा कराने में शिक्षकों का बड़ा प्रयास रहा है। यूपी कॉलेज में परीक्षा पूरी होने के बाद 18 दिन के लिए छात्र और छात्राओं को शीत कालीन अवकाश दे दिया गया है।
विज्ञापन
9 कोर्स के रिजल्ट जारी
एमए (प्राचीन इतिहास) - तीसरा सेमेस्टर
एमए (अर्थशास्त्र) - तीसरा सेमेस्टर
एमए (भूगोल) - तीसरा सेमेस्टर
एमए (हिंदी) - तीसरा सेमेस्टर
बीए - पहला सेमेस्टर
एमए (राजनीति विज्ञान) - तीसरा सेमेस्टर
एमए (समाजशास्त्र) - तीसरा सेमेस्टर
एमएससी (कृषि) - मृदा विज्ञान - पहला सेमेस्टर
एमएससी (बागवानी) - सब्जी विज्ञान - पहला सेमेस्टर
दूसरे चरण में 2 से 9 फरवरी तक होगा वाराणसी में यूपी बोर्ड का प्रैक्टिकल
यूपी बोर्ड की ओर से प्रैक्टिकल परीक्षाएं इस बार दो चरणों में होंगी। पहला चरण 24 जनवरी से 1 फरवरी 2026 और दूसरा चरण 2 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक चलेगा। वाराणसी मंडल में प्रायोगिक परीक्षाएं दूसरे चरण में होंगी। इसके लिए बोर्ड की ओर से परीक्षकों की तलाश की जा रही है। सबसे अधिक कमी गणित और विज्ञान के शिक्षकों की है। यूपी बोर्ड की ओर से 10 वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। इसके पूर्व दो चरणों प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जाएंगी। वाराणसी मंडल में दूसरे चरण में 2 से 9 फरवरी 2026 में प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जाएंगी। बोर्ड की ओर से इसके लिए शिक्षक तलाशे जा रहे हैं। सबसे अधिक कमी गणित और विज्ञान के शिक्षकों की है। जिले में 8 विद्यालयों में गणित, 7 में विज्ञान और 6 में कंप्यूटर के शिक्षक ही नहीं हैं। इन विद्यालयों में दूसरे विषय के शिक्षक इन विषयों को पढ़ा रहे। डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा के लिए बोर्ड की ओर से शिक्षकों की तैनाती की जाती है। सूची तैयार की जा रही है।
बीएचयू में पत्रकारिता विभाग के नए अध्यक्ष होंगे डॉ. ज्ञान प्रकाश
बीएचयू में डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा को पत्रकारिता एवं संप्रेषण विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इनका कार्यकाल नए साल के पहले दिन एक जनवरी से शुरू होना है। अगले तीन साल तक यानी 2029 तक वह इस पद पर बने रहेंगे। विभागाध्यक्ष डॉ. शोभना नार्लीकर थीं, हालांकि कई विवादों के चलते सारे वित्तीय अधिकार कला संकाय की डीन प्रो. सुषमा घिल्डियाल के पास थे। पिछले 4 साल से विवादों में रहे इस विभाग में कई बार उठापटक देखे गए हैं। परीक्षाएं और कक्षाएं सब कुछ प्रभावित होती रहीं हैं। कई बार तो मारपीट की भी नौबत आ चुकी है। ऐसे में डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा को विभागाध्यक्ष बनाने की अधिसूचना सामने आने के बाद हलचल बढ़ गई। प्रमुख होने के नाते डॉ. मिश्रा के पास कई फैसले लेने के साथ ही विवादों का भी पटाक्षेप करने की जिम्मेदारी होगी। विभागाध्यक्ष की घोषणा के बाद डॉ. मिश्रा ने कहा कि उनकी नियुक्ति को विभाग के शैक्षणिक, नवाचार और शोधात्मक विकास में काम करेगी। छात्रों को व्यावहारिक पत्रकारिता, नैतिक मूल्यों और समकालीन मीडिया चुनौतियों से जोड़ा जाएगा। इस जिम्मेदारी के बाद निवर्तमान विभागाध्यक्षा डॉ. शोभना नेरलीकर, वरिष्ठ शिक्षक डॉ. बाला लखेंद्र ने शुभकामनाएं दीं।