आखिरकार इंतजार की घड़ियां खत्म हुई। शुक्रवार दोपहर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल 54 लाख 66 हजार 531 परीक्षार्थियों की किस्मत का फैसला हो गया। सीबीएसई और आईसीएसई रिजल्ट में परचम फहराने के बाद पूर्वांचल की बेटियों ने यूपी बोर्ड परीक्षा में भी जलवा बिखेरा है।
ओवरऑल इस बार परीक्षा का परिणाम अच्छा रहा है। दोपहर में जब परीक्षा परिणाम घोषित हुआ तो परीक्षा के नतीजे देख छात्र खुशी से चहक उठे। हाईस्कूल में फतेहपुर की तेजस्वी देवी 95.83 प्रतिशत अंक के साथ राज्य के टॉपर हैं। हाईस्कूल का रिजल्ट 81.18 प्रतिशत रहा है और इंटरमीडिएट का रिजल्ट 82.62 फीसदी रहा।
इंटरमीडिएट में फतेहपुर में प्रियांशी तिवारी ने टॉप किया है। उन्हें 96.20 फीसदी अंक मिले हैं।
वाराणसी में इंटरमीडिएट में पहले स्थान पर तीन छात्रों ने कब्जा जमाया है। रुचि प्रजापति, आशुतोष और विष्णु वर्नवाल के एकसमान 453 अंक( 90.60 प्रतिशत) आए हैं। जिले में दूसरे स्थान पर भी दो लोगों का नाम है। आशुतोष कुमार मौर्य और रितु वर्मा 452 अंक(90.40 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर है। तीसरे स्थान पर 449 अंक (89.80 प्रतिशत) के साथ सुरज कुमार तीसरे स्थान पर हैं।
10वीं की परीक्षा में 551 अंक(91.83 प्रतिशत) के साथ मोहम्मद इमरान वाराणसी जिला टॉपर है। दूसरे स्थान पर रीतिका सिंह 545 अंक( 90.83 प्रतिशत) और तीसरे स्थान पर विकास कुमार पटेल 543(90.50 प्रतिशत) है।