Varanasi News: यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम आने के बाद अब स्क्रूटनी के लिए आवेदन की तिथि भी जारी की गई है। छात्र अपनी कॉपियों की स्क्रूटनी यानी दोबारा जांच करवाना चाहता है तो इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना पड़ेगा।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा परिणाम निकलने के बाद अगर कोई छात्र अपनी कॉपियों की स्क्रूटनी यानी दोबारा जांच करवाना चाहता है तो इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना पड़ेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इसके लिए 17 मई की तिथि तय की गई है। हर प्रश्नपत्र की दोबारा जांच के लिए परीक्षार्थियों को 500 रुपये देने होंगे। स्क्रूटनी के लिए परिषद की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
विज्ञापन
यूपी बोर्ड की परीक्षा का परिणाम 23 अप्रैल को जारी हो गया है। परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने परिषद के पोर्टल से प्रोविजनल मार्कशीट तो ले लिया है लेकिन अभी मार्कशीट की मूल प्रति के लिए इंतजार करना पड़ेगा। इस बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षार्थियों के लिए कॉपी की स्क्रूटनी के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि जारी करते हुए आदेश की कॉपी क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भी भेजी गई है।
परीक्षार्थियों को 500 रुपये प्रति प्रश्न पत्र की दर से स्क्रूटनी शुल्क (लिखित एवं प्रयोगात्मक खण्ड हेतु पृथक-पृथक) चालान के माध्यम से राजकीय कोषागार में जमा करना होगा। ऑनलाइन भरे आवेदन के विवरणों को डाउनलोड कर उसके प्रिंट आउट के सभी जरूरी कागजात परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को भेजने होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।