परीक्षा की कॉपियों को पैक करते परीक्षक
- फोटो : अमर उजाला
बोर्ड परीक्षा में अनियमितता किस कदर हो रही है, इसका नजारा बुधवार को आजमगढ़ के रैदोपुर में देखने को मिला। जहां एक बाइक से बोर्ड परीक्षा की कापी लेकर पहुंचे एक शिक्षक और एक शिक्षिका पैकेजिंग का सामान दूकान से खरीदकर सड़क किनारे ही कापियों की पैंकिंग करने लगे।
फोटो खिंचने के बाद उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और हड़बड़ी में कापियों की पैकिंग को लेकर वहां से निकल गए। परीक्षा के बाद जो कापियां परीक्षा केंद्र पर सील पैक होनी चाहिए। उसकी पैंकिंग रैदोपुर में सड़क के किनारे होती दिखी। बुधवार की दोपहर बाइक से एक युवक और एक युवती रैदोपुर एलआईसी बिल्डिंग के पास पहुंचे।
बाइक खड़ी की और सामने स्थित कापी किताब की दूकान पर पहुंचे। जहां से उन्होंने कापियों को पैक करने का सामान खरीदा। इसके बाद वह मोमबत्ती जलाकर सड़क के किनारे कापियों की पैकिंग करने में जुट गए। लाह को गरम कर बोरे के पैकिंग पर लगाई लेकिन जब उसे दबाने के लिए कुछ नहीं मिला तो बगल से पुरवे को उठाकर उसकी पेंदी से उसे दबाया।
इस कार्य में युवती के हाथ भी जले। इसको वहां मौजूद लोग बहुत उत्सुकता से देख रहे थे। उधर से गुजर रहे एक फोटोग्राफर की नजर उन पर पड़ी और उसने फोटो खींच ली। इसके बाद दोनों को अपनी गलती का एहसास हुआ, वह कापियों की पैकिंग को लेकर वहां से चले गए।
इस बारे में प्रभारी जिलाधिकारी पीपी सिंह का कहना है कि अगर ऐसा हुआ है तो यह गलत है। मैं इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को जांच अधिकारी नामित करता हूं। अगर जांच में सत्यता पाई जाती है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।