जिले में यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा को लेकर केंद्रों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। सभी को नई तिथि का इंतजार है। माना जा रहा है कि मई के दूसरे सप्ताह से परीक्षाएं शुरू हो सकती हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से पहले 24 अप्रैल से परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया था। इसका परीक्षा कार्यक्रम भी जारी हो चुका था। इस बीच पंचायत चुनाव की वजह से परीक्षा स्थगित कर दी गई है। जिले में 145 केंद्रों पर परीक्षा कराने के फैसले के बाद से शिक्षा विभाग के साथ ही केंद्रों पर बिजली, पानी, छात्रों के बैठने की सुविधाओं के साथ ही सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त कराए जा रहे हैं, इससे की परीक्षा तिथि की घोषणा होने के बाद परीक्षा संचालन में कोई परेशानी का सामना न करना पड़े।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से नई परीक्षा तिथि का इंतजार है। पहले से चयनित परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले तैयारियां करने का निर्देश दिया गया है। इसी माह के अंत में नोडल सेंटर राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में कॉपी आने की भी संभवना है। यहां भी सभी तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं।
- डॉ. विजय प्रकाश सिंह, डीआईओएस