उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्रों को मूलभूत सुविधाओं के बारे में परिषद की वेबसाइट पर जानकारी अपलोड करने को कहा गया है। विद्यालयों के बीच दूरी का निर्धारण करने के लिए इस बार एक मोबाइल एप बनाया गया है। इसमें प्रधानाचार्यों को विद्यालय की फोटो अपलोड करनी होगी। बोर्ड परीक्षा 2024 को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने प्रधानाचार्यों को समय से पहले सभी तैयारी पूरी करने को कहा है। बताया कि एप पर प्रधानाचार्यों को विद्यालय की फोटो क्लिक करनी होगी। ऐसा करते ही फोटो के साथ ही जियो लोकेशन परिषद के सर्वर पर अपलोड हो जाएगा। इससे दूरी निर्धारण संबंधी कठिनाइयां दूर हो जाएंगी।
विज्ञापन
निरीक्षण में मिली खामियां जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बृहस्पतिवार को तीन कॉलेजों का दौरा किया। उदय प्रताप इंटर कॉलेज, रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज क्राइस्ट नगर में व्यवस्था सही मिली। वहीं, अमर शहीद इंटर कॉलेज आयर में खामियां देखने को मिली। बताया कि छात्रों से बातचीत करने पर शिक्षण कार्य संतोषजनक नहीं मिला। परिसर में सफाई भी नहीं थी। छात्रों की साइकिल, शिक्षकों के वाहन भी बेतरतीब खड़े थे। पीने का पानी भी नहीं था। नाराज जिला विद्यालय निरीक्षक ने अव्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के निर्देश दिए।