उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से कराई गई असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में रविवार को पंजीकृत 6075 परीक्षार्थियों में से 3397 परीक्षा में शामिल हुए। दो पालियों में हुई परीक्षा में 2678 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर अच्छा रहा। सामान्य अध्ययन (जीएस) के सवाल थोड़े कठिन रहे। इस वजह से उनको हल करने में समय लग गया।
आयोग की ओर से दो दि तक कराई गई परीक्षा रविवार को संपन्न हुई। इसके लिए राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज लहुराबीर, भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज इंग्लिशिया लाइन, बसंत थियोसाफिकल उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय कमच्छा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज मलदहिया, कमलापति त्रिपाठी बॉयज इंटर कॉलेज, जेपी मेहता इंटर कॉलेज और अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में बने केंद्र पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी उत्साहित दिखे।
दूसरे दिन की परीक्षा में रविवार को सुबह की पाली में 9.30 से 11.30 बजे तक हुई परीक्षा में पंजीकृत 3102 में से 1777 ने परीक्षा दी जबकि 1325 अनुपस्थित रहे। उधर, दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक की परीक्षा में 2973 में से 1620 परीक्षा में शामिल हुए और 1353 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।