वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया चौराहा के पास रविवार रात चाचा-भतीजे पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पीड़ित ने आठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। सुदामापुर के विजय कुमार सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह अपने चाचा हिमांशु सोनकर के साथ जीवधीपुर भटौरी खिन्नी मैदान के पास से जा रहे थे। पहले से घात लगाए आरोपियों ने धारदार हथियार और डंडे से हमला कर दिया। जिसके कारण उनके चाचा हिमांशु घायल हो गए। अधमरा छोड़कर हमलावर भागे। आरोपियों में संकुलधारा किरहिया के रहने वाले प्रशांत पाल, सुंदर प्रजापति, हैप्पी चौहान, दीपू सोनकर, ऋषि सोनकर, मोनू चौहान, चंदन चौहान और हर्ष पाल हैं। वहीं, विजय का आरोप है कि ऋषि सोनकर और दीपू सोनकर 2020 जून में खोजवा किरहिया निवासी रमेश सोनकर की हत्या में मुख्य आरोपी थे। सभी ने भेलूपुर जलकल संस्थान में पार्टी के दौरान रमेश सोनकर की चाकू से वारकर हत्या कर दी थी। लोगों ने बताया कि देर रात किरहिया चौराहे पर मनबढ़ किस्म के युवकों का जमावड़ा रहता है। देर रात अवैध रूप से शराब बेची जाती है। जिसके कारण आए दिन मारपीट होती है। बीते दिनों भी किरहिया निवासी दीपचंद सोनकर के साथ भी मनबढ़ों ने मारपीट की थी। प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह ने बताया कि जान से मारने की नीयत से हमला, जान से मारने की धमकी सहित अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ब्यूरो