कड़ी निगरानी में हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही। कमिश्नरेट पुलिस ने पिछले 10 साल तक के सॉल्वर गिरोह, नकल माफियाओं तक की गतिविधियों की निगरानी कराई। पटना के रहने वालों पर विशेष नजर है। सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज, नदेसर में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर नियुक्त अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों को निभाने को कहा।
पुलिस आयुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थी की गहन तलाशी व सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे। केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस अधिकारियों से संवाद स्थापित कर पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान नकल कराने में संलिप्त रहे व्यक्तियों के गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश स्थलों पर पहचान पत्र, बायोमेट्रिक की प्रभावी चेकिंग और केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार आदि रहे।