वाराणसी में पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने सोमवार की देर शाम मार्कंडेय महादेव का जलाभिषेक किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अखिलेश और मायावती के समय में प्रदेश के लोगों ने जातिवाद के जहर को देखा है। अखिलेश ने जातिवाद तो किया और जाति में भी परिवारवाद किया। इसलिए उनसे उनकी जाति के लोग ही नाराज हो गए। यूपी में बिलकुल स्पष्ट है कि जनता फिर से भाजपा की सरकार चाहती है।
हमने जाति व संप्रदाय से ऊपर उठकर लोगों को रोटी, रोजगार और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का कार्यकर्ता हमेशा सेना के सिपाही की तरह होता है। वह हमेशा हर चुनौती का सामना करने को तैयार रहते हैं। इसलिए हम उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए पहले से ही तैयार हैं। इस चुनाव के बाद फिर योगी आदित्यनाथ की ही सरकार बनेगी।