घर में छठ महापर्व की तैयारी चल रही थी। मां संतान की सलामती और सुख-समृद्धि के लिए छठी मइया की पूजा की तैयारी में जुटी थी। इसी बीच वेदी बनाने के लिए गंगा की मिट्टी और जल लेने गए दो दोस्त जिंदगी और मौत के बीच गंगा की लहरों में समा गए। माल्देपुर गंगा घाट पर शनिवार को रील बनाने के दौरान हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
दोनों युवकों के डूबने की खबर मिलते ही घाट पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थानीय नाविकों की मदद से उनकी तलाश में जुट गए। डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह, एसपी डॉ. ईरज राजा, एसडीएम गोपेश तिवारी, सीओ सदर अक्षय कुमार व थाना प्रभारी अखिलेश चन्द्र पांडेय घटनास्थल पर पहुंच बचाव कार्य में जुट गए। दोनों की खोज के लिए एसडीआरएफ को बुलाया गया।