वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा बच गया। लोको पायलट की तत्परता और सूझबूझ के चलते दो ट्रेनें आपस में टकराने से बच गईं। मामले में एडीआरएम ने जांच कमेटी गठित कर दी है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार की सुबह 8:15 बजे ट्रेन संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक पर प्रवेश कर रही थी। इस बीच किसी ने चेन पुलिंग कर दी। इस वजह से गाड़ी आउटर में खड़ी हो गई। इस कारण तीन एसएलआर बोगियां क्रॉस ओवर (क्रॉसिंग के बाहर) ही रह गई।
इधर, पहले ही लोवर सिग्नल मिलने पर प्लेटफॉर्म नंबर तीन से ट्रेन संख्या 08851 विलासपुर-अयोध्या धाम स्पेशल ट्रेन का चालक भी गाड़ी लेकर चल दिया था। जैसे ही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसएलआर बोगियों के क्रास ओवर की जानकारी मिली तो चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आपात ब्रेक लगाकर कुछ दूर पहले ही ट्रेन रोक दिया।
विज्ञापन
रेलवे कंट्रोल से सूचना मिलते ही स्थानीय अधिकारी हरकत में आ गए। परिचालन और सिग्नल विभाग के कर्मचारियों के साथ उन्होंने मौका मुआयना किया। एक साथ दोनों ट्रेनों के लोवर सिग्नल मिलने और चेन पुलिंग की वजहों का भी पता लगाया जा रहा है। अपर मंडल रेल प्रबंधक लालजी चौधरी ने बताया कि जांच के लिए संयुक्त समिति का गठन किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।