बड़ागांव पुलिस ने हरहुआ चौराहे पर चलाया अतिक्रमण चेकिंग अभियान
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ में सड़क पर फालूदा और गुमटी के आगे अतिक्रमण कर दुकानदारी करने के दो आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। तीन लाख का माल और वाहन भी जब्त किया गया। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि सड़क पर अवैध रूप से दुकान लगाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जौनपुर के मड़ियाहू हसिया निवासी राजकुमार अपनी गुमटी के सामने कोल्ड ड्रिंक, गुटखा, पान मसाला, मोबाइल कवर बेच रहा था। राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी दुकानदार बबलू हरहुआ चौराहे पर चारपहिया पर फालूदा बेच रहा था। दोनों दुकानदारों को कई महीने से बार-बार चेतावनी दी जा रही थी कि सड़क पर दुकान लगाकर यातायात बाधित न करे। बावजूद चेतावनी को लगातार नजरअंदाज कर सड़क सुरक्षा के लिए खतरा पैदा किया जा रहा था।
अतिक्रमण में सिटी कार्ट, होंडा एजेंसी मालिक समेत आठ पर प्राथमिकी वाराणसी। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को किला मार्ग पर अतिक्रमण के आरोप में आठ दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। छह ठेले वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बताया कि चौक चौराहे पर ठेले पर मिठाई दुकानदार पंकज यादव, खिलौना दुकानदार सुहेब, वसीम निवासी गोलाघाट, कबीरनगर निवासी ठेला व्यवसायी सरोज, किराना दुकानदार मोहम्मद शाहिद, इलेक्ट्रानिक्स दुकानदार सैय्यद ईशान, सिटी कार्ट मालिक गुट्टन, होंडा बाइक एजेंसी मालिक वकार यूनिस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।