मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के पास शनिवार की देर शाम ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के सेऊर गांव निवासी रामचंद्र उर्फ करिया (50) वर्ष अपने दामाद कमलेश पटेल (30) निवासी धनेथू थाना नेवढ़िया के साथ जौनपुर से आ रहे थे। उनके साथ रिश्तेदारी की एक महिला शकुंतला(45) पत्नी गिरधारी निवासी राजेपुर जफराबाद भी थी। तीनों लोग जैसे ही सिकन्दरपुर गांव के पास पहुंचे कि एक ट्रक के चपेट में आ गए। जिससे रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शकुंतला की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कमलेश पटेल का इलाज चल रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।