राजातालाब में दुर्घटना के बाद लोगों ने किया चक्काजाम।
राजातालाब में राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर और चोलापुर में गुरुवार को सड़क दुर्घटना में एक निजी अस्पताल के कर्मचारी और एक दर्जी की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राजातालाब में हुए सड़क हादसे के बाद रोहनिया और मिर्जामुराद थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही जिसके चलते दुर्घटना करने वाला कंटेनर लेकर चालक भाग निकलने में कामयाब रहा। इससे गुस्साए लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। कुछ देर बाद स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल रोहनिया थाना क्षेत्र में है। पुलिस ने लोगों को समझाया तब जाकर आधा घंटा बाद लोग माने और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वाले अस्पतालकर्मी और घायल महिला ने हेलमेट नहीं पहना था।
वीरापट्टी का मूल निवासी जवाहिर राम (38) अखरी में किराये के मकान में रहकर एक निजी अस्पताल में काम करता था। गुरुवार को अखरी की ही बेला देवी (36) को बाइक पर बैठाकर वह मिर्जामुराद जा रहा था। राजातालाब में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को पीछे से जोरदार धक्का मारा। जवाहिर व बेला सड़क पर गिर पड़े और कंटेनर दोनों को रौंदते हुए तेजी से निकल गया। जवाहिर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक निजी अस्पताल में भर्ती बेला की हालत गंभीर बताई गई है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप था कि घटना की सूचना देने पर राजातालाब पुलिस चौकी और मिर्जामुराद पुलिस चौकी प्रभारी एक-दूसरे पर मामला थोपते रहे। इससे नाराज लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
दूसरी घटना, चोलापुर क्षेत्र के रसड़ा त्रिमुहानी की है। सुल्तानीपुर निवासी दर्जी सदानंद (40) साइकल से जौनपुर के चंदवक के मुढ़ैला स्थित अपनी दूकान जा रहा था। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे रसड़ा त्रिमुहानी पर जोरदार धक्का मारा। जिसके चलते सदानंद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची चोलापुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।