जिले में कोरोना संक्रमित मिलने पर तीन थाना क्षेत्रों के तीन गांवों को हॉटस्पाट बनाया गया। इसमें से दो गांवों की हॉटस्पॉट की समय सीमा शनिवार की रात तक पूरी हो जाएगी। रविवार से ये दोनों गांव हॉट स्पॉट नहीं रहेंगे।
हालांकि ग्रामीणों को लाकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। गांव से बाहर तभी जा सकेंगे, जब कोई जरूरी कार्य हो। एक अन्य हॉट स्पॉट अभी बरकरार रहेगा।
जिले में चार अप्रैल को दो जमाती कोरोना से संक्रमित मिले थे। इसके बाद अहरौरा के बसाढ़ी और जमालपुर के लठिया सहजनी गांव को हॉट स्पॉट बना दिया गया। गांव के सारे रास्तों पर बैरिकेडिंग कर बाहरी के आने और ग्रामीणों के बाहर जाने पर रोक लगा दी गई।
गांव के एक किमी के दायरे में सैनिटाइजेशन किया गया। गांव में सिर्फ इमरजेंसी सेवा के लोगों को ही जाने की अनुमति थी। 16 अप्रैल को चुनार के दीक्षितपुर गांव का जमाती भी संक्रमित पाया गया। इसके बाद दीक्षितपुर को भी हॉट स्पॉट बनाया गया।
एसीएमओ डा. अजय कुमार ने बताया कि मरीज के संक्रमित मिलने वाले दिन से 28 दिन के लिए उस क्षेत्र को हॉट स्पॉट बनाया जाता है। दो संक्रमित चार अप्रैल को मिले थे। तो अहरौरा के बसाढ़ी और जमालपुर के लठिया सहजनी गांव का दो मई को 28 दिन पूरा हो रहा है।
तीन मई से गांव के लोग जरूरी कार्य से लाकडाउन के नियमों का पालन करते हुए बाहर निकल सकते है। चुनार के दीक्षितपुर का 28 दिन 14 मई को पूरा होगा।