कैदियों को न्यायालय में पेश कराने के दौरान ड्यूटी से गायब रहने पर शुक्रवार को दो हेड कांस्टेबल निलंबित कर दिए गए। चंदौली एसपी ने यह कार्रवाई पेशी पर आए कैदियों के वाहनों के निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर की है।
वाराणसी जिला जेल से कैदियों को लेकर पुलिस वाहन दोपहर 12 बजे चंदौली कचहरी पहुंचा। कैदियों को वाहन से उतारकर न्यायालय में पेश करने के लिए अन्य पुलिसकर्मियों के साथ हेड कांस्टेबल दामोदर सिंह और रामजी सिंह की भी ड्यूटी लगाई थी। इसी दौरान एसपी संतोष कुमार सिंह वहां पहुंच गए। उन्होंने ड्यूटी चार्ट का मिलान किया तो दोनों हेडकांस्टेबल गायब मिले।
इधर-उधर तलाश कराने के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी ने कहा कि कैदियों की पेशी के दौरान ड्यूटी से गायब रहना बेहद गंभीर मामला है। कार्य में लापरवाही और उदासीनता पर दोनों को निलंबित कर दिया गया है।