रामनगर । शौक और मौजमस्ती के लिए चेन स्नेचिंग करने वाले दो आरोपियों मनीष सिंह (37) और गणेश विश्वकर्मा (30) को पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढराज पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। 150 सीसी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को सफलता मिली। जांच में पता चला कि वारदात को अंजाम देकर बदमाश मेन रोड से अदलहाट गए। आरोपी जीवनाथपुर में कमरा लेकर रहते थे। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास घटना से संबंधित सामग्री बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी के विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज है। दोनों नारायणपुर थाना अदलहाट, मिर्जापुर के निवासी हैं।
विज्ञापन
शनिवार सुबह छह बजे भीटी निवासी राधिका देवी टहलने निकली थीं। मजार के पास दोनों ने पता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। पीछे बैठे युवक ने उनके गले की चेन झपट्टा मारकर नोच ली और दोनों भाग निकले। वृद्धा के बेटे अंजनी कुमार पाठक की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। संवाद