प्रवासियों की शुरू हुई पूल टेस्टिंग
प्रवासियों में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अब ब्लॉकवार सैंपल लेने का काम शुरू कर दिया गया है। इसमें स्वास्थ्य केंद्रों पर बनी सूची के साथ ही पहले से संक्रमित प्रवासियों के संपर्क वालों की सैंपलिंग हो रही है। जिससे कि समय रहते संक्रमण का खतरा कम किया जा सके। जिले में अब तक संक्रमित 190 मरीजो में 70 प्रवासियों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
अब संक्रमित प्रवासियों के परिजनों के साथ ही मुंबई, सूरत, अहमदाबाद सहित अन्य जगहों से आने वाले प्रवासियों की पुल सैंपलिंग की जा रही है। मंगलवार को पिंडरा सहित अन्य जगहों पर 30 लोगों के पुल सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजा गया।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों, थानों पर बनी सूची के हिसाब से सभी का सैंपल लिया जा रहा है। एक साथ चार से पांच लोगों के सैंपल लेकर जांच होती है। अगर किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है सैंपल की अलग अलग जांच की जाती है।
शूलटंकेश्वर और भीखमपुर बना नया हॉटस्पॉट
मंगलवार को दो मरीज मिलने के बाद रोहनिया के शूलटंकेश्वर और कपसेठी थाने के भीषमपुर को नया हॉटस्पॉट बनाया गया है। इसके बाद जिले में हॉटस्पॉट की संख्या 98 हो गई है। इसमें से 30 ग्रीन जोन, 31 ऑरेंज जोन और 37 रेड जोन में हैं। उधर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामसकल यादव ने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र की प्रज्ञा नगर कॉलोनी, धीरेंद्र महिला विद्यालय, विश्वकर्मा बस्ती, सुंदरपुर बस्ती, राजभर बस्ती, गढ़वासी टोला, काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र, बांसफाटक, चौक सहित आसपास के इलाकों में गरुण ड्रोन से दवा का छिड़काव कराया गया।
बीएचयू से 484 रिपोर्ट का इंतजार
जिले से अब तक कुल 6,048 सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजे जा चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि 5564 सैंपल के परिणाम आ चुके हैं, जबकि 484 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। मंगलवार को बीएचयू से 153 रिपोर्ट आई और 156 सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
उधर, काशी विद्यापीठ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वैष्णव विहार कॉलोनी अमरा के में शिक्षक की रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद पुलिस ने उनके घर के 12 सदस्यों सहित आसपास के 26 घरों के 91 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की।
उधर, कपसेठी थाना के भीषमपुर गांव निवासी युवक के पाजिटिव मिलने की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। वह ट्रेन से 20 मई को मुंबई से लौटा था और 28 मई को दीनदयाल अस्पताल में जांच कराई थी। कपसेठी पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हॉटस्पॉट की बैरिकेडिंग कराई।