उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में घरेलू विवाद के बाद नाराज होकर गोमती नदी में छलांग लगाने वाले वृद्ध को दो बच्चों ने बचा लिया। दोनों नदी में नाव लेकर तेज गति से डूब रहे वृद्ध के पास पहुंचे। उसे बाहर निकाला और फिर नाव से लेकर किनारे आए। बच्चों की इस बहादुरी पर हर कोई उन्हें सराह रहा है।
विज्ञापन
जिले के जफराबाद कस्बा निवासी वृद्ध(60) की रविवार को घर में किसी बात पर कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर दोपहर में वह नावघाट पर बने पुल पर पहुंचा और गोमती नदी में छलांग लगा दी। इसी दौरान आलोक राजभर(11) पुत्र गुलाब और साहिल(12) पुत्र राजेंद्र निषाद नाव लेकर नदी में पतंग पकड़ने जा रहे थे।
दोनों की नजर जब नदी में डूब रहे वृद्ध पर पड़ी तो नाव की दिशा घुमाकर तेज गति से उस ओर बढ़े। बुजुर्ग को खींच कर बाहर निकाला और फिर नाव पर लेकर नदी के किनारे आए। तब तक किनारे पर लोगों की भीड़ जुट गई थी।
सूचना पाकर वृद्ध के परिवार के लोग भी पहुंच गए। हर कोई दोनों बच्चों के बहादुरी की सराहना कर रहा है। चौकी प्रभारी वरुणेंद्र कुमार राय ने वृद्ध के घर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।