उत्तर प्रदेश के भदोही में लुका छुपी खेलने के चक्कर में दो बच्चों को अपनी जान गवानी पड़ी। लुका छुपी खेलने के लिए दो बच्चों ने खुद को एक बक्से में बंद कर लिया था। जिसके बाद दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
भदोही औराई कोतवाली के खमरिया नगर के वार्ड नंबर 7 में गुरुवार रात दो बच्चों के शव बक्से में बंद मिले। सूचना पर पुलिस पहुंची और छानबीन कर लौट गई। परिजन रात में ही बच्चों को दफनाने की तैयारी कर रहे थे। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ संजय कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मल्लू अंसारी कालीन कंपनी में काम करता है। शाम को मल्लू घर पहुंचा तो बच्चों को न पाकर चिंतित हो गया। खोजबीन शुरू की तो घर में ही रखे बक्से में कपड़े बिखरे देख तलाशी ली, उसमें बेटी हतैना (7), हसन (3) पड़े मिले। मल्लू पड़ोसियों के सहयोग से बच्चों को स्थानीय अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टर ने देखते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बच्चों की मौत दम घुटने से बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चों की मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। बच्चे लुका छुपी खेल रहे थे तभी ऐसा हुआ। इसके बाद पुलिस को बिना बताए परिवार वालों ने रात में ही बच्चों को दफन कर दिया।