चेन छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों महेश और संदीप को एसओजी और रोहनिया पुलिस ने शुक्रवार रात भदवर के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके कब्जे से अवैध असलहा और लूट में इस्तेमाल बाइक मिली। वहीं, एक बदमाश भाग निकला है।
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया की दोनों बदमाश शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के दुधली के रहने वाले है। दोनों बावरिया गिरोह के बदमाश हैं। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह और एसओजी प्रभारी गौरव सिंह को सूचना मिली कि रोहनिया क्षेत्र में 13 अक्तूबर को चेन छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश कार से हाईवे के रास्ते कहीं भागने की फिराक में है। टीम ने घेराबंदी की और भदवर में चेकिंग के दौरान कार से उतरकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। इस बीच अंधेरे का लाभ उठकर एक बदमाश भाग निकला। पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। घायल दोनों बदमाशों के पास से. 315 बोर के दो तमंचे और 4 कारतूस मिले हैं।