फ्लैट में निवेश के नाम पर 10.80 लाख की ठगी
फ्लैट इन्वेस्टमेंट के नाम पर महिला से 10.80 लाख की ठगी हुई है। पीड़िता ने सोमवार को भेलूपुर थाने में आरोपी जियाउल हक उर्फ जुबैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। भेलूपुर के मालतीबाग निवासी रजिया बेगम ने पुलिस को बताया कि दूर के रिश्तेदार मोहम्मद जुबैन और उसके पिता हाजी मकसूद ने फ्लैट निर्माण में निवेश का लालच देकर 10 लाख 80 हजार रुपये ठग लिए।
मोहम्मद जुबैन ने झांसा दिया कि एक फ्लैट बनने वाला है, जिसमें 8 लाख या 8 लाख 50 हजार रुपये का निवेश करने पर फ्लैट बिकने के बाद मूलधन के अलावा 25 लाख रुपये का मुनाफा होगा। कई बार में 10 लाख 80 हजार रुपये दे दी। पैसे लेने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगे। जब उन्होंने फ्लैट दिखाने को कहा, तो कोई जवाब नहीं मिला।
काफी जांच-पड़ताल के बाद पता चला कि दालमंडी स्थित अकबर महारी के सामने मुसाफिर खाने के बगल वाली गली में आरोपियों ने अपने नाम से फ्लैट ले लिया है। रजिया ने जब फ्लैट उनके नाम पर ट्रांसफर करने या पैसे वापस करने की मांग की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।