कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद के लिए हर कोई आगे आ रहा है। वहीं, दो भाइयों ने मरीजों की मदद के लिए जो सहयोग किया है, उसकी हर कोई सराहना कर रहा है। जयपुर निवासी निर्मित खन्ना (15) और युवराज (12) ने राजकीय आयुर्वेद कॉलेज चौकाघाट में मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा की मौजूदगी में बीस बेड दान किया। बच्चों के पिता दीपक खन्ना कालीन कारोबारी हैं। उनका कार्यालय चांदपुर इंडस्ट्रियल स्टेट में हैं। फिलहाल जयपुर में रह रहे हैं, लेकिन हर सप्ताह वाराणसी आते रहते हैं।
दीपक ने बताया कि प्रधानमंत्री के मन की बात में मरीजों की समस्या के समाधान के लिए मदद करने के आह्वान के बाद प्रेरित होकर बच्चों ने जरूरतमंदों की मदद करने का फैसला लिया। पेरीवाल ग्लोबल स्कूल जयपुर में कक्षा 11 और आठ में पढ़ने वाले दोनों बच्चों की सभी सराहना कर रहे हैं। दीपक के मुताबिक, सभी के सहयोग से दस दिन में ही ढाई लाख रुपये इकट्ठा हो गए। इसके बाद वाराणसी में डॉ. मनीष त्रिपाठी के सहयोग से आयुर्वेद कॉलेज के प्रिसिंपल से बातचीत कर बेड देने पर सहमति बनी। मंगलवार को 20 बेड भेंट किया गया। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने बच्चों के प्रयास की सराहना कर इस तरह के कार्यों के लिए अन्य लोगों को भी आगे आने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल को कोविड की तीसरी लहर की संभावना को देख तैयार किया जा रहा है। यहां ऑक्सीजन प्लांट लग चुका है और संसाधन जुटाए जा रहे हैं।