ढाबे से खाना खाकर बीएचयू लौट रहे दो छात्र बुधवार की देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। बीएचयू में एमबीए के छात्र सौरभ राव और वैभव बुधवार की रात रोहनियां के एक ढाबे से खाना खाकर पल्सर बाइक सेे कैंपस लौट रहे थे। दोनों ने ही हेलमेट नहीं लगाया था।
बच्छांव में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। दोनों सड़क किनारे एक कच्चे मकान की दीवार से जा भिड़े। पुलिस की मदद से दोनों को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां सौरभ की मौत रात एक बजे और वैभव की दो घंटे बाद करीब रात तीन बजे हो गई। सौरव राव (25) और वैभव (25) दोनों ही बीएचयू में एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र थे और प्रबंध शास्त्र हाॅस्टल के कमरा नंबर 12 और 17 में रहते थे।
सौरव मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है। उसका परिवार लखनऊ के राजाजीपुरम में रहता है। पिता गौरीशंकर की मृत्यु हो चुकी है। वहीं वैभव समस्तीपुर का रहने वाला है। उसके पिता विजय कडोसिया हैं। बुधवार की रात सौरव और वैभव रोहनियां स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। रात करीब 12 बजे लौटते समय बच्छांव पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई।
सड़क किनारे चारपाई पर सोए एक व्यक्ति को टक्कर मारते हुए दोनों कच्चे मकान की दीवार से जा भिड़े। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को मंडलीय अस्पताल ले गई जहां सौरभ को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रात करीब तीन बजे इलाज के दौरान वैभव की भी मौत हो गई। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। जानकारी के बाद गुरुवार की भोर में बीएचयू के छात्र और शिक्षक अस्पताल पहुंच गए थे।
दोनों के शवों को बीएचयू ले जाया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद सौरभ का शव उनके बड़े भाई गोरखपुर स्थित गांव ले गए। अंतिम संस्कार गोरखपुर में होगा। वैभव के घरवाले भी गुरुवार की सुबह बीएचयू पहुंचे। वैभव का अंतिम संस्कार शुक्रवार को वाराणसी में ही किया जाएगा।