जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जमीन हरखोरी गांव निवासी एक व्यक्ति को विदेश भेजने के नाम पर ढाई लाख का चूना लगा है। पीड़ित ने इस बाबत जीयनपुर कोतवाली में छह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित महेंद्र निवासी जमीन हरखोरी थाना कोतवाली जीयनपुर ने बताया कि देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना अंतर्गत पथराहट गांव निवासी विधि चंद्र शर्मा, ईश्वरचंद्र, रविंद्र, शुभम, रूपाली व वंदना जीयनपुर कोतवाली के लाटघाट बाजार में दुर्गा इंटरनेशनल सर्विस नाम से फर्म संचालित करते थे। इसके माध्यम से ये लोगों को विदेश भेजने की बात करते थे। इनके झांसे में आ कर विदेश जाने के लिए उसने भी 18 मई 2023 को दो लाख रुपये विधि चंद्र के खाते में व 40 हजार रुपये नकद दिया। अब तक उक्त लोगों ने उसे विदेश नहीं भेजा। इतना ही नहीं इन लोगाें ने पैसा भी नहीं दिया। पैसा वापस पाने के लिए वह आरोपियों के घर पहुंचा तो उसे जानमाल की धमकी देते हुए भगा दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की कवायद में जुट गई है।