सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के बेटे शिवम और उसके साथी रमेश उर्फ बादशाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिवम ने बताया कि उसके पिता उसे डांटते और गाली-गलौज करते थे। इससे नाराज होकर उसने अपने दोस्त रमेश और भवानीपुर निवासी आर्यन उर्फ अन्नू श्रीवास्तव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत अन्नू श्रीवास्तव ने असलहा उपलब्ध कराया था। आरोप है कि रमेश उर्फ बादशाह ने 21 अक्तूबर की रात घर के बाहर सो रहे राजेश पटेल के सिर के पीछे गोली मारी थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राजेश की तीन दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई।
शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल असलहा बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। असलहा उपलब्ध कराने के आरोपी भवानीपुर निवासी आर्यन उर्फ अन्नू श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।