काशी की परिषदीय स्कूल की शिक्षिका तूबा आसिम को आईआईटी मद्रास में विद्या स्त्री सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल के बच्चों को पढ़ाने की नई तकनीक और नवाचार के लिए दिया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत डिजिटल, समावेशी एवं कौशल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में काम हो रहा है। इस दिशा में बेसिक स्कूल की शिक्षिका तूबा आसिम ने बच्चों को आसान तरीके से पढ़ाने का तरीका निकालते हुए सिमुलेशन द्वारा एक्सपेरिमेंट की अवधारणा को विकसित किया। इस सिमुलेशन तकनीक से बच्चे खुद एक्सपेरिमेंट करके क्यों और कैसे का जवाब दे सकते हैं। बच्चों के साथ शिक्षकों को भी डायट पर इसकी ट्रेनिंग दे चुकी है। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी की पीएम श्री कंपोजिट स्कूल गंगापुर की शिक्षिका तूबा आसिम को आईसीटी व सिमुलेशन के क्षेत्र में वर्ष 2026 में विद्या शक्ति एवं आईआईटी मद्रास प्रवर्तक टेक्नोलॉजी फाउंडेशन द्वारा विद्या स्त्री का अवार्ड आईआईटी मद्रास में दिया गया। जो बेसिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव की बात है।