मऊ। मधुबन थाना क्षेत्र के भैरोपुर मोड़ के पास शुक्रवार की शाम छह बजे ओवरटेक करने में बेकाबू ट्रक चालक ने आगे जा रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक नीचे आ गिरा, जहां ट्रक के नीचे आ जाने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आराेपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान उसके जेब से मिले आधार कार्ड से हुई, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान जिले के सीमावर्ती जिला देवरिया के बरहज थाना क्षेत्र के राजपुर परसिया गांव निवासी कैलाश चौहान (40) के रूप में हुई।कैलाश अपने गांव से करीब पंद्रह किमी दूर मधुबन कस्बा बाजार करने में बाजार करने के लिए बाइक से आया हुआ था। जहां से सामान खरीदने के बाद वह वापस अपने गांव निकला था।
अभी वह मधुबन कस्बा के भैरोपुर मोड़ के पास पहुंचा था कि पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने ओवरटेक करने के प्रयास में उसे टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही बाइक करीब 10 मीटर दूर जाकर गिरी, जब तक वह उठकर खड़ा हो पाता पीछे से आ रहे ट्रक के पहिया के नीचे से उसकी मौत हो गई। उधर हादसे के बाद आरोपी चालक ने वाहन को रोका और उसके बाद सड़क किनारे लगे खेत में कूदकर भाग गया। पुलिस ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
आमने-सामने भिड़ीं दो कार, दोनों वाहनों के चालक घायल
बढुआगोदाम। सरायलंखसी थाना क्षेत्र के रस्तीपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को आमने-सामने दो कारों में भिड़त हो गई। हादसे में दोनों चालक घायल हो गए। बेहोश होने के कारण दोनों की पहचान नहीं हो सकी। सरायलंखसी थाना प्रभारी शैलेष सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात करीब बारह बजे रस्तीपुर के पास एक ब्रेजा कार और बोलेरो में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनोें का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों वाहनों में लगे एयर बैग खुलने के चलते किसी अनहोनी से बच गए है। लेकिन वर्तमान में दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। संवाद