वाराणसी। पिछले दिनों नरिया में मां और बेटी दोहरे हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर संकट मोचन चौकी इंचार्ज अमित शुक्ला को पुलिस आयुक्त ने बुधवार को निलंबित कर दिया। वहीं, अनुशासनहीनता में तेलियाबाग चौकी इंचार्ज जगदीश राम भी निलंबित हो गए। वाहन चोरी पर लगाम नहीं लगा पाने पर अर्दली बाजार चौकी इंचार्ज तरुण कश्यप और आईजीआरएस में लापरवाही पर दरोगा राहुल यादव भी नप गए। दरोगा तरुण कश्यप और राहुल को लाइन हाजिर कर दिया गया। इसके अलावा 12 चौकी प्रभारियों को काम में शिथिलता बरतने पर पुलिस आयुक्त ने चेतावनी दी है।
ट्रैफिक पुलिस लाइन के सभागार में कमिश्नरेट के सभी चौकी प्रभारियों संग समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने सख्त निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर नहीं बल्कि जमीन पर काम दिखना चाहिए। उन्होंने सभी चौकी प्रभारियों को वाहन चोरों के खिलाफ अभियान चलाकर गिरफ्तारी और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए निर्देशित किया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि मादक पदार्थ और अवैध शराब की खरीद-फरोख्त में लिप्त लोगों की गिरफ्तारी और बरामदगी हो। चेन व मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाएं। लुटेरों की गिरफ्तारी व शत प्रतिशत माल की बरामदगी हो। पाक्सो और अपहरण मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। चौकी पर एक दरोगा जरूर रहे। चौकियों पर अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले आगंतुकों के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का निस्तारण हो। पुलिस आयुक्त ने काम के प्रति सजग चौकी प्रभारियों को पुरस्कृत करने व लापरवाही बरतने वाले चौकी प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई को डीसीपी काशी और वरुणा को निर्देशित किया। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय संतोष कुमार सिंह, डीसीपी काशी आरएस गौतम, डीसीपी वरुणा आरती सिंह आदि मौजूद रहीं।
गंगा घाटों पर रखें कड़ी नजर
पुलिस आयुक्त ने सावन माह को देखते हुए गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर घाट किनारे चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि घाट पर निगरानी रखें। नौकायन पर निर्धारित मानक से अधिक संख्या में व्यक्तियों को न बैठाया जाए। इसकी बराबर निगरानी करते रहें।