करपात्र प्राकट्योत्सव के अवसर पर मिलने वाले प्रतिष्ठित करपात्र रत्न पुरस्कार की घोषणा बुधवार को हुई। अखिल भारतीय धर्मसंघ के महामंत्री पंडित जगजीतन पांडेय ने बताया कि चयन समिति की बैठक के बाद इस वर्ष के करपात्र रत्न पुरस्कार के लिए स्वामी करपात्री जी महाराज के शिष्य वृंदावन के पंडित व्यास नंदन शास्त्री का नाम तय किया है।
पुरस्कार स्वरूप उन्हें एक लाख रुपये, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं करपात्र गौरव सम्मान के लिए काशी के ख्यातिलब्ध ज्योतिषाचार्य पंडित ऋषि द्विवेदी का नाम निश्चित किया गया है। उन्हें भी सम्मान स्वरूप नकद राशि, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन करपात्र प्राकट्योत्सव के दिन 30 जुलाई को दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ में होगा। इसमें बड़ी संख्या में शहर के विद्वतजन एवं गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। चयन समिति की बैठक में धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज, पंडित रामयत्न शुक्ल, प्रो. गोपबंधु मिश्र, पंडित रामपूजन पांडेय, प्रो. उपेंद्र पांडेय शामिल रहे।