बीएचयू के नवनिर्मित अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर में शनिवार से मरीजों का इलाज शुरू हो गया। बीएचयू के सर सुंदरलाल चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती 10 मरीजों को पहले दिन यहां शिफ्ट किया गया। अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस से रोगियों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया और वहां उनका उपचार प्रारंभ किया गया। ट्रामा सेंटर के शुरू हो जाने से अब पूर्वांचल समेत बिहार और मध्य प्रदेश के गंभीर मरीजों को इलाज की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन पर 25 दिसंबर को उनके द्वारा ट्रामा सेंटर का उद्घाटन किया जाना है। हालांकि अभी प्रधानमंत्री उद्घाटन करेंगे या नहीं इस पर कोई स्पष्ट संकेत बीएचयू प्रशासन को नहीं मिला है। लेकिन बीएचयू प्रशासन इसके लिए पूरी तैयारी में है। इसी को ध्यान में रखते हुए शनिवार से मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया।
पहले दिन सिंगरौली (मध्य प्रदेश) से तारकेश्वर प्रसाद, आजमगढ़ से प्रीति, जंसा से रीता देवी, औरंगाबाद (बिहार), नौबतपुर से मनोज कुमार, बक्सर (बिहार) से इम्तियाज, विकास और सोनभद्र से आए इंद्र बहादुर समेत दस मरीजों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। बता दें, पिछले 14 अक्तूबर को ही इसके उद्घाटन की तैयारी थी लेकिन तब प्रधानमंत्री का कार्यक्रम किन्हीं कारणों से रद्द हो गया था।
पीएमएसएसवाई के तहत मिला था प्रोजेक्ट
वाराणसी। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) केे तहत बीएचयू को ट्रामा सेंटर का प्रोजेक्ट मिला था। बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. डीपी सिंह और आईएमएस के पूर्व निदेशक एवं एनाटामी विभाग के प्रोफेसर डॉ. गजेंद्र ने सात अक्तूबर 2008 को शिलान्यास किया था। डॉ. गजेंद्र ने बताया कि पीएमएसएसवाई के तहत 100 करोड़, मानव संसाधान विकास मंत्रालय ने 27 करोड़, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने 20 करोड़ रुपये दिए थे। इसके अलावा विश्वविद्यालय से 30 करोड़ रुपये मिले थे।
ट्रामा सेंटर में ये होंगी सुविधाएं
- 334 बेड वाला वार्ड
- डेंटल फैकल्टी एवं डॉक्टर्स वार्ड
- 10 मॉड्यूलर आपरेशन थिएटर
- 03 एडवांस मॉड्यूलर आपरेशन थिएटर
- 01 एडवांस इमरजेंसी आपरेशन थिएटर
- 14 बेड का इमरजेंसी वार्ड
- 48 बेड का ट्रामा वार्ड
- 17 बेड का जनरल ट्रामा वार्ड
- 30 बेड का पोस्ट आपरेटिव वार्ड
- 08 बेड का प्री आपरेटिव वार्ड
- 50 बेड का आईसीयू वार्ड
- 50 बेड का हाई डिपेडेंसी यूनिट (एचडीयू) वार्ड
- 03 वातानुकूलित एंबुलेंस
- 150 व्यक्तियों के बैठने के लिए हॉल, जहां से आपरेशन थिएटर का सजीव प्रसारण देखा जा सकेगा
- आटो आपरेटेड फायर फायटिंग, सीसी टीवी, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी यूनिट, ब्लड बैंक, सेंटर स्टेरिलाइजेशन यूनिट, लॉन्ड्री, किचन, स्टोर रूम, नर्सिगिं स्टेशन