पीएसी तिराहे स्थित शहीद पार्क के पास शुक्रवार देर शाम ट्रक की चपेट में आने से नौ साल के मासूम की कुचलकर मौत हो गई। बाइक पर सवार बहन बाल-बाल बच गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
चंदौली के अलीनगर थाना अंतर्गत गौरैया गांव निवासी कमलेश पटेल का एकलौता पुत्र हैप्पी पटेल (9 वर्ष) दिन में अपने मौसी के लड़के राम सिंह पटेल के साथ दुल्हीपुर गया था। शाम छह बजे राम सिंह पटेल, हैप्पी और बहन लब्बल एक ही बाइक से गौरया गांव लौट रहे थे। पीएसी तिराहे के पास सड़क उबड़ खाबड़ होने के कारण बाइक फिसल गई। इसी बीच बाइक पर बैठा हैप्पी दूर जा गिरा, तभी पीछे से आए ट्रक की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही हैप्पी की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव तुरंत कब्जे में लेकर लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय के मोर्चरी में रखवा दिया।
घटना से नाराज ग्रामीण सड़क जाम करने का प्रयास करते हुए लामबंद हुए, लेकिन पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। एकलौते बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाइक फिसलने से गिरे हैप्पी की बहन लब्बल को कोई चोट नहीं आई और मौसी के लड़के राम सिंह पटेल को हल्की खरोचें आई। घटना के बाद पिता कमलेश पटेल व मां गुड़िया बेसुध हो गई। पिता कमलेश पटेल रविंद्रपुरी स्थित गन्ने जूस की दुकान लगाता है।