वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार में साईकिल से सब्जी खरीदने जा रहे 38 वर्षीय मुरारी प्रजापति की पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी प्रेमा प्रजापति व परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार जंसा थाना क्षेत्र के देईपुर गांव निवासी मुरारी प्रजापति घर से साइकिल से सब्जी लेने बड़ौरा बाजार जा रहे था। जैसे ही बाजार पहुंचा तभी वाराणसी से भदोही की तरफ जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मुरारी साइकिल सहित हवा में उछल कर सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पिकअप रोकने की कोशश की, लेकिन चालक भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। युवक के भाई की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।