बस की गंदगी साफ करते परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह
- फोटो : अमर उजाला
यूपी रोडवेज में साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को पूरी तरह पुख्ता बनाने की ताकीद करते हुए सूबे के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को बनारस में अपने हाथों से बस धुली।
इसके जरिए रोडवेज के अधिकारियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का संदेश भी दिया और हिदायत भी दी। वहीं, आरटीओ को निर्देश दिया कि डग्गामार वाहनाें का संचालन किसी सूरत में न होने दिया जाए। गाजीपुर, इलाहाबाद और सोनभद्र रूट की डग्गामार बसों के खिलाफ 24 घंटे अभियान चलाने के निर्देश दिए।
गोलगड्डा स्थित काशी डिपो में सुबह बस की सफाई के दौरान परिवहन मंत्री ने चालकों, परिचालकों और विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे खुद इस पर ध्यान दें। महीने में कम से कम एक बार अधिकारी खुद सफाई अभियान चलाएं।
कहा कि गरीब किसानों के खून पसीने की कमाई से सरकार बसें खरीदती है। डिपो की बसें स्वच्छ रहेंगी, सेवा बेहतर रहेगी तो यात्री उसे पसंद करेंगे। यह भी ध्यान रखें कि ये बसें आपकी रोजी-रोटी का माध्यम हैं।
खुद को कर्मचारी के तौर पर नहीं, बल्कि मालिक के तौर पर समझें। अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।