पांडेयपुर पुलिस चौकी के सामने किन्नरों का हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के पांडेयपुर पुलिस चौकी पर शुक्रवार को किन्नरों ने अर्धनग्न होकर हंगामा किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से सभी को शांत कराया, तब जाकर चौकी का माहौल सामान्य हुआ। किन्नरों के प्रदर्शन के दौरान चौकी के सामने तमाशबीनों की भीड़ जुट गई थी।
चंदौली जिले के बबुरी के रहने वाले किन्नर करीना ने बताया कि उसके मोबाइल पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को एसटीएफ का सिपाही बताया और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक मोबाइल के संबंध में पूछताछ के लिए पांडेयपुर पुलिस चौकी पर आने को कहा। इससे नाराज होकर करीना और उसके साथी पांडेयपुर पुलिस चौकी पहुंचे।
सभी बदसलूकी और नाहक में परेशान करने का आरोप लगाते हुए चौकी के सामने सड़क पर हंगामा करते हुए प्रदर्शन करने लगे। पांडेयपुर चौकी प्रभारी ने सभी को आश्वस्त किया कि जिसने भी फोन किया था उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन पर लगभग आधा घंटे बाद किन्नर शांत हुए और चौकी के सामने से हटे।