भगवानपुर में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर ट्रिप कर गया। इससे आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घंटों मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। रानीपुर फीडर से पांच घंटे की कटौती की गई। सिगरा क्षेत्र के डॉ. दिलशान अहमद, संजीव कुमार, कौशल राय ने कहा कि अघोषित कटौती से परेशानी बढ़ी है। कटौती की सही जानकारी तक नहीं दी जा रही है।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती का सिलसिला जारी है। लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और स्थानीय स्तर पर फाल्ट की समस्या जस की है। इसी बीच मंगलवार को लोहता क्षेत्र के सुरही गांव के मौर्या बस्ती में हाई वोल्टेज आ गया। इससे कई घरों के इलेक्टॉनिक व इलेक्टि्रकल उपकरण फुंक गए। इसकी सूचना उपकेंद्र पर दी गई, तब जाकर आपूर्ति बंद हुई। राजकुमार मौर्या,अवध नारायन मौर्या, कल्लू जायसवाल ने बताया कि सुबह छह बजे अचानक पंखा निर्धारित गति से तेज चलने लगा। लगा कि गिर पड़ेगा। बल्ब से तेज आवाज आई और वह फ़्यूज हो गया। इसके बाद चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही।
24 घंटे आपूर्ति के दावे खरे नहीं, कटौती धुआंधार
जिले को 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावों भी सही साबित नहीं हो रहे हैं। मंगलवार को भी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती हुई है। जर्जर तार व केबल जले हैं। औरंगाबाद, काली महाल, सिद्धगिरीबाग, सोनिया, महावीर हाईटस लहरतारा, चांदपुर, भिटारी, बेदौली, भगवानपुर, चेतगंज, सुंदरनगर, मढ़ौली, शिवपुर, पांडेय, पहड़िया मंडी सहित अन्य इलाकों में भी तीन से पांच घंटे तक बिजली गुल रही है।
ड्रोन से फिर पकड़ी बिजली चोरी, महिलाओं सहित पांच के खिलाफ मुकदमा
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम ने ड्रोन की मदद से फिर बिजली चोरी पकड़ी है। मंगलवार की सुबह से ही रामनगर इलाके में ड्रोन उड़ाए गए और छह लोगों को बिजली चेारी करते पकड़ा गया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि उपभोक्ता कटिया कनेक्शन से एसी चला रहे थे।
प्रबंध निदेशक शंभू कुमार व मुख्य अभियंता अनूप वर्मा की देखरेख में अधीक्षण अभियंता अनूप सक्सेना ने रामनगर क्षेत्र में मंगलवार की सुबह से ही मोर्चा संभाला। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि ड्रोन से पता चला कि महिलाएं कटिया कनेक्शन से एसी चला रही हैं। डेढ़ से दो किलोवाट के अतिरिक्त बिजली प्रयोग का मामला पकड़ा गया है। चोरी रोकने का यह अभियान जारी रहेगा। वहीं, एसडीओ नवदीप सिंह और जेई अरविंद सोनकर ने बताया कि रामनगर के जनकपुर फीडर से जुड़े इलाके की सुमंती देवी, होलिला देवी,आशा राय,रामजी राय, गुड़िया सिंह के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। सबके कनेक्शन काट दिए गए हैं।
प्रबंध निदेशक हर मंगलवार को सुनेंगे समस्या, होगा समाधान
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार अब हर मंगलवार को लोगों की समस्याएं सुनेंगे। जो समस्याएं सही होंगी, उनका समाधान कराएंगे। अधिशासी अभियंता आरके बंसल ने बताया कि सभागार कक्ष में संभव जनसुनवाई के तहत हर मंगलवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक उपभोक्ता अपनी समस्याओं को बता सकेंगे। इसका त्वरित समाधान भी होगा। लोगों को प्रार्थना पत्र के साथ आना है।