पेतेरवार गांव में बुधवार सुबह से खराब ट्रांसफॉर्मर 35 घंटे बाद बृहस्पतिवार की शाम बदला जा सका। बिजली लंबे समय तक कटने की वजह से लोगों को मोबाइल चार्जिंग के साथ ही पानी न मिलने का संकट भी झेलना पड़ा। दो दिन तक बिजली न मिलने की वजह से लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। बुधवार की भोर में करीब 5 बजे ट्रांसफॉर्मर खराब होने की वजह से पेतेरवार गांव में बिजली गुल है। लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया तो पता चला कि ट्रांसफॉर्मर में खराबी की वजह से ही समस्या आई। इस वजह से गांव के लगभग 30 से अधिक घरों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मकरसंक्रांति के एक दिन पहले बिजली कटने और त्योहार वाले दिन बृहस्पतिवार को बिजली न होने से लोगों को पानी का संकट झेलना पड़ा। गांव में रहने वाले बंधु पटेल ने बताया कि अधिकारियों को कई बार फोन कर खराब ट्रांसफाॅर्मर बदलने को कहा गया था लेकिन त्योहार वाले दिन भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि पेतेरवार गांव में 63 केवीए ट्रांसफाॅर्मर खराब हो गया था। बृहस्पतिवार शाम चार बजे इसे बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।