उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके पुठिया ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में यात्रियोें की भीड़ बढ़ जाती है। इसको देखते हुए ग्रीष्मकालीन ट्रेनें चलाई जाएंगी। पिछले साल से 10-15 फीसदी अधिक ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। सोमवार को कैंट स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
महाप्रबंधक ने कहा कि यात्री सुविधाओं का विकास ही हमारा लक्ष्य है। महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे कॉलोनियों में बिजली समस्या की शिकायतें मिलती रही हैं। इसको देखते हुए कैंट स्टेशन पर 33 केवी का उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसकी स्वीकृत मिल गई है।
इससे स्टेशन के प्लेटफार्मों और सर्कुलेटिंग एरिया के साथ ही रेलवे कॉलोनियों को बिजली मुहैया कराई जाएगी। बताया कि सोलर लाइट लगाने से बिजली की बचत के साथ ही तीन लाख रुपये बिजली बिल में भी कमी आई है। उन्होंने कहा कि काशी में अभी हाई स्पीड ट्रेन के लिए इंतजार करना होगा। दिल्ली से आगरा के बीच गतिमान एक्सप्रेस चलाकर इसका रिहर्सल कर लिया गया है। अभी काम चल रहा है ताकि अधिक से अधिक शहरों को इससे जोड़ा जा सके। बताया कि आरआरआई बिल्डिंग, वेटिंग हाल, सेकेंड एंट्री गेट का काम तेजी से चल रहा है।
कैंट स्टेशन के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने आरपीएफ के जवानों को कड़ी फटकार लगाई। हुआ यूं कि प्लेटफार्म पर जैसे ही दादर एक्सप्रेस पहुंची कि उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी होने लगी। ट्रेन रुक भी नहीं पाई थी कि लोग सीट के लिए दौड़ने लगे। यह देखकर महाप्रबंधक नाराज हो गए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। चेताया कि ट्रेन के आने और छूटने के समय आरपीएफ के जवान प्लेटफार्म पर मुस्तैद रहें।