दीपावली और छठ के मद्देनजर ट्रेनों में भीड़ का असर रविवार को दीपावली के दिन भी देखने को मिला। कैंट रेलवे स्टेशन से लेकर बनारस रेलवे स्टेशन और वाराणसी सिटी स्टेशन तक सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर ट्रेनों में भीड़ सबसे अधिक रही। विशेषकर गोरखपुर और बिहार रूट पर जाने वाली ट्रेनें खचाखच भरी रहीं और सीट के लिए मारामारी करनी पड़ी। दो दिन पहले कैंट स्टेशन पर यात्रियों के बीच मारपीट के बाद रविवार को विशेष सतर्कता बरती गई।
दीपावली पर दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, सूरत सहित अन्य जगहों से कोई परिवार के साथ घर लौट रहा है तो बहुत से लोग अकेले यात्रा कर रहे हैं। अब जबकि दीपावली का त्योहार खत्म हो गया है, ऐसे में लोग छठ के लिए घर लौटने लगे हैं। इसी वजह से रविवार को कैंट रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-गोरखपुर एक्सप्रेस और चौरीचौरा एक्सप्रेस के साथ ही बिहार रूट पर जाने वाली ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच में भी खूब भीड़ रही।