पुलिस आयुक्त ने रिजर्व पुलिस लाइन में महिला आरक्षियों के साथ किया संवाद
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण कर रही महिला आरक्षियों के साथ संवाद किया। प्रगति, व्यावहारिक अभ्यास, शारीरिक दक्षता, ड्रिल, कानून व्यवस्था से संबंधित कौशल और विभिन्न प्रकरणों के व्यावहारिक ज्ञान की विस्तृत समीक्षा की। प्रशिक्षु आरक्षियों को कंप्यूटर, साइबर क्राइम, डिजिटल साक्ष्यों से संबंधित ज्ञान देने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान हत्या, मानव वध, एक्सीडेंट, बीएनएस व बीएनएसएस, आत्मरक्षा, संवाद कौशल, अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जनता पुलिस को आदर्श मानती है, हर पुलिसकर्मी को अपने आचरण और व्यवहार से जनता का विश्वास मजबूत करना चाहिए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन डाॅ. ईशान सोनी आदि रहे।