पीडीडीयू -दानापुर रेल खंड के जमानिया रेलवे स्टेशन के पास डाउन मेन लाइन पर भोर में करीब 4:48 बजे संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन के गुजरने के बाद रेल पटरी एकाएक टूट गई। संयोग रहा कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इसी बीच अप लाइन में पेट्रोलिंग ड्यूटी करते समय ट्रैक मैन अजय और वीर बहादुर की नजर टूटी पटरी पर पड़ी।
उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना पाकर स्टेशन मास्टर ने डाउन लाइन में आ रही श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन को होम सिग्नल के पास खड़ा कर दिया। पटरी के दुरुस्त होने तक श्रमजीवी एक्सप्रेस सुबह पांच से 5.32 बजे तक खड़ी रही।
रेलवे अधिकारियों की माने तो सोमवार को भोर में करीब 4:48 बजे डाउन संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन जमानिया रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। इसी बीच जब पीछे की पांच बोगियां बची थीं कि तेज आवाज के साथ रेल पटरी अचानक टूट गई।
आवाज सुन कर रेलवे कर्मचारी तथा स्टेशन मास्टर भी घबरा गए। स्टेशन में लगे पैनल मशीन का डाउन ट्रैक सर्किट अचानक लाल हो गया। तभी अप लाइन में पेट्रोलिंग ड्यूटी पर निकले ट्रैकमैन अजय और वीर बहादुर की नजर टूटी पटरी पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी।