वाराणसी। मुंबई, सूरत और अहमदाबाद की ट्रेनों में जहां बर्थ को लेकर मारामारी मची है तो वहीं लखनऊ और झांसी, ग्वालियर के लिए यात्री ही नहीं मिल रहे हैं। रविवार को छह माह बाद मंडुवाडीह से ग्वालियर के लिए 339 यात्रियों को लेकर बुंदेलखंड एक्सप्रेस रवाना हुई। वहीं वाराणसी सिटी स्टेशन से 361 यात्रियों को लेकर कृषक एक्सप्रेस लखनऊ के लिए खुली।
कोरोना काल में पहली बार शुरू इन ट्रेनों में सवार यात्रियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का कहीं पालन नहीं दिखा। कोच के अंदर पहुंचते ही यात्री मास्क उतारने के साथ ही एक ही कूपे में भीड़ भी लगाए रहे। आरपीएफ व जीआरपी के जवानों ने यात्रियों को कतारबद्ध कराकर थर्मल स्क्रिनिंग कराया। मंडुवाडीह स्टेशन के एसएम अरुण कुमार ने बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 4.30 बजे प्लेटफार्म संख्या 8 से रवाना हुई। पहले दिन यात्रियों की संख्या कम रही। उधर, वाराणसी सिटी स्टेशन से कृषक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर खुली। कुल 361 यात्री ही ट्रेन से रवाना हुए।
ट्रेन में यात्री सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। जागरूक यात्री ऐसा कर रहे हैं। इनके साथ पुलिस को सख्ती बरतनी चाहिए। - रोहित सिंह, यात्री
कोच के अंदर यात्री मास्क के बगैर दिखे। एक ही कूपे में कई यात्री बैठे। किसी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। -सुनील राजभर, यात्री